जौनपुर के सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के पाल्हा मऊ कला गांव में एक परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। गांव निवासी रमेश चंद यादव के घर पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों, पत्थरों और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल को क्षतिग्रस्त कर दिया और दरवाजा तोड़ने का भी प्रयास किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!हमले के दौरान परिवार के सदस्य जान बचाने के लिए घर के अंदर छिप गए। पीड़ित पक्ष ने डायल 112 पर घटना की सूचना दी, लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने घटना से संबंधित एक वीडियो अपने कब्जे में लिया है।
रमेश चंद ने गुरुवार को स्थानीय पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बावजूद, अगले ही दिन शुक्रवार को आरोपी फिर से लाठी-डंडों के साथ पीड़ित के घर पहुंचे और खुलेआम धमकी दी।
पीड़ित के अनुसार, विकास पुत्र विजय बहादुर, तेज बहादुर पुत्र स्वर्गीय रामधनी, जितेंद्र पुत्र तेज बहादुर सहित अन्य लोग धमकी दे रहे थे। उन्होंने कथित तौर पर कहा, “कितनी भी शिकायत कर लो, पुलिस हमारा कुछ नहीं बिगाड़ पाएगी, जब तक तुम्हें जान से नहीं मारेंगे, तब तक जेल नहीं जाएंगे।”
इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपनी सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बताया है कि वे मामले की जांच कर रहे हैं।

