सीतापुर: तम्बौर इलाके में इंसानियत को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है, जिसने समाज के माथे पर कलंक का टीका लगा दिया है। तम्बौर-लहरपुर मार्ग पर पहलवान सिंह पुरवा के निकट सड़क किनारे लावारिस हालत में तड़पती एक 10 दिन की नवजात बच्ची मिली। चिलचिलाती धूप में बेबस पड़ी मासूम की चीखें सुनकर लोगों का दिल दहल गया।
संदेह के घेरे में ‘दकियानूसी सोच’
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय एक महिला और एक पुरुष को मोटरसाइकिल से जालिमपुर मड़ोर की ओर तेजी से भागते देखा गया। आशंका जताई जा रही है कि बेटी के जन्म से उपजे ‘लोक-लाज’ या सामाजिक कुंठा के कारण इन ‘कलयुगी’ माता-पिता ने अपनी ही संतान को मौत के मुंह में छोड़ दिया।
पुलिस बनी मासूम का सहारा
घटना की सूचना मिलते ही तम्बौर थाना प्रभारी (SHO) बृजेश कुमार राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मानवता का परिचय देते हुए पुलिस ने तुरंत बच्ची को अपने संरक्षण में लिया और उसे तम्बौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। अस्पताल में इस समय महिला आरक्षी मंजू राघव बच्ची की देखरेख में जुटी हैं। एक पुलिसकर्मी द्वारा उसे ‘मां’ जैसी ममता देने का दृश्य देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति भाव विभोर हो गया l
इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना
RELATED ARTICLES

