अनुराग तिवारी, ब्यूरो चीफ अम्बेडकर नगर।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!अंबेडकर नगर। जिले की भीटी तहसील के ग्राम घाटमपट्टी टिकरी में 29 अप्रैल को आए तेज आंधी और बारिश के बाद हालात बेहद खराब हो गए हैं। प्राकृतिक आपदा के कारण गांव में कई जगह बिजली के खंभे गिर गए और तार टूटकर जमीन तथा घरों पर लटक गए हैं। गांव के बाहर एक बिजली का पोल बीच सड़क पर खतरनाक स्थिति में झूल रहा है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
सबसे चिंताजनक मामला उस घर का है जिसकी छत पर 440 वोल्ट का हाई वोल्टेज तार गिरा पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि तार हटाने और बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए कई बार शिकायत की गई, लेकिन अभी तक कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा है।
घटना के 48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। गांव में अंधेरा छाया हुआ है और लोगों को पीने के पानी की व्यवस्था, मोबाइल चार्ज करने तथा अन्य जरूरी कामों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) के कर्मचारियों की ओर से लगातार लापरवाही बरती जा रही है। क्षेत्रीय लाइनमैन से संपर्क करने पर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों के अनुसार लाइनमैन फोन पर केवल “बांस की व्यवस्था करो” कहकर जिम्मेदारी से बचता रहा और फोन काट देता है।
इस लापरवाही को लेकर गांव में भारी नाराजगी है। एक स्थानीय निवासी ने कहा, “हमारी जान-माल खतरे में है। 440 वोल्ट का तार घर की छत पर पड़ा है। अगर कोई बड़ा हादसा हो गया तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? बिजली विभाग के कर्मचारी सिर्फ बिल वसूलने आते हैं, लेकिन संकट के समय कोई दिखाई नहीं देता।”
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली के टूटे तार और झूलते पोल को नहीं हटाया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
फिलहाल गांव में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है तथा ग्रामीण जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल होने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

