सत्य प्रकाश शुक्ला जिला ब्यूरो चीफ सीतापुर बिसवां
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कोतवाली देहात / सीतापुर जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला उस समय सामने आया जब एक परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर गया था और पीछे से नकाबपोश चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित परिवार घर में ताला बंद कर रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था। इसी बीच देर रात नकाबपोश चोर घर में घुस गए। चोरों ने बड़ी सफाई से घर के कमरों और अलमारियों के ताले तोड़े और वहां रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी समेत कीमती सामान चोरी कर लिया।
सुबह जब परिवार वापस लौटा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के ताले टूटे मिले। यह देखकर परिवार के होश उड़ गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू की।
घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर कई नकाबपोश युवक घर के आसपास घूमते और अंदर जाते दिखाई दिए। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान में जुट गई है।
पीड़ित परिवार ने बताया कि चोर घर से लाखों रुपये कीमत के जेवरात और नकदी ले गए हैं। घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में भी डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

