Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बिसवां / सीतापुर के बिसवां कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बिसवां–सदरपुर मार्ग पर स्थित रामाभारी मोड़ के पास ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हों गए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिसवां भेजा गया। प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने ग्राम रामाभारी निवासी सगीर पुत्र कल्लू शाह को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे युवक शिवम पाल (19) पुत्र अमरनाथ, निवासी ग्राम भिनैनी थाना सदरपुर, का इलाज जारी है।
युवक सगीर की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ और टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस ने मौके से ट्रैक्टर और बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है। जल्द ही आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी

