सीतापुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद सीतापुर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही ने प्रतिभाग कर योगाभ्यास किया और लोगों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने का संदेश दिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर., पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारियों ने योगाभ्यास कर योग के प्रति लोगों को जागरूक किया। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर और शांत मन का आधार है।
राज्यमंत्री सुरेश राही ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग को विश्व स्तर पर नई पहचान मिली है। योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल कर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है तथा मानसिक तनाव को भी दूर किया जा सकता है।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने नियमित योग करने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और अनुशासन का माहौल देखने को मिला। योग प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया, जिसमें सभी आयु वर्ग के लोगों ने सहभागिता की।
ब्यूरो रिपोर्ट : सत्य प्रकाश शुक्ला सीतापुर

