जिला ब्यूरो चीफ: सत्य प्रकाश शुक्ला
अटरिया (सीतापुर)। जनपद सीतापुर के थाना अटरिया क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दवा लेने आई एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब महिला उपचार के बाद सड़क पार कर रही थी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला अटरिया के समीप हीरपुर स्थित दरी मिल परिसर में संचालित स्वास्थ्य उपचार केंद्र पर इलाज एवं दवा लेने आई थी। उपचार के बाद वापस लौटते समय अटरिया थाने के पास नेशनल हाईवे पार करते हुए वह किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना अटरिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास शुरू किया। प्रारंभिक जांच में मृतका की पहचान शकीरा (लगभग 50 वर्ष) के रूप में हुई है, लेकिन उसके पूर्ण पते एवं परिजनों की जानकारी अभी तक नहीं मिल सकी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में मृतका के परिजनों की तलाश और पहचान कराने का प्रयास जारी है।
थाना प्रभारी लाल बहादुर मिश्र ने बताया कि महिला सड़क पार करते समय सड़क दुर्घटना का शिकार हुई, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा मृतका के गांव और परिजनों का पता लगाने का प्रयास जारी है। परिजनों की पहचान होते ही उन्हें घटना की सूचना दी जाएगी।
— जिला ब्यूरो चीफ, सत्य प्रकाश शुक्ला, सीतापुर

