अंबेडकरनगर में हर रविवार आयोजित होगा ‘बहू-बेटी सम्मेलन। महिलाओं को सुरक्षा और अधिकारों की दी जाएगी विस्तृत जानकारी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अनुराग तिवारी, ब्यूरो चीफ अम्बेडकर नगर।
अंबेडकरनगर। महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें उनके अधिकारों की जानकारी देने के उद्देश्य से अंबेडकरनगर पुलिस ने जिलेभर में “बहू-बेटी सम्मेलन” आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह सम्मेलन जुलाई माह के प्रत्येक रविवार को जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में आयोजित किए जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में गांवों की बहुओं और बेटियों को आमंत्रित किया जाएगा। सम्मेलन के दौरान पुलिस अधिकारी महिलाओं से सीधे संवाद करेंगे और उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़े कानून, सरकारी योजनाएं तथा कानूनी सहायता के विभिन्न प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे।
इसके अलावा साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी और डिजिटल सुरक्षा जैसे विषयों पर भी महिलाओं को जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम में महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की उपयोगिता बताते हुए जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
सम्मेलन के दौरान महिलाओं की समस्याओं और शिकायतों को भी गंभीरता से सुना जाएगा तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने जिले की सभी महिलाओं और बालिकाओं से इन सम्मेलनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि अंबेडकरनगर पुलिस महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही अपराधों की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है और इसी उद्देश्य से यह विशेष अभियान शुरू किया गया है।