अनुराग तिवारी, ब्यूरो चीफ अम्बेडकर नगर।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!अम्बेडकर नगर:- उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में चार मासूम बच्चों की हत्या के सनसनीखेज मामले में रविवार को बड़ा मोड़ सामने आया। अब तक इस मामले में मुख्य आरोपी मानी जा रही मां गासिया खातून का शव एक नाले से बरामद हुआ है। शव मिलने के बाद पूरे मामले ने नया और रहस्यमयी रूप ले लिया है।
दरअसल, शनिवार को जिले के एक घर में चार बच्चों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। घटना के समय घर में बच्चों के अलावा उनकी मां गासिया खातून ही मौजूद थी। वारदात के बाद से वह अचानक लापता हो गई थी और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था। इसी वजह से पुलिस को शुरुआती जांच में मां पर ही हत्या का शक था।
पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई थी। इसी बीच रविवार शाम उसका शव एक नाले से बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मां का शव मिलने के बाद अब पुलिस की जांच की दिशा बदल गई है। अधिकारियों का कहना है कि यह स्पष्ट नहीं है कि बच्चों की हत्या के बाद मां ने आत्महत्या की या फिर इस पूरी घटना के पीछे कोई और साजिश है। पुलिस अब परिवार, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही घटना की असली वजह सामने आ सकेगी। पूरे इलाके में इस दर्दनाक घटना को लेकर दहशत और शोक का माहौल है।

