जफराबाद के कल्याणपुर गांव में गोमती नदी में डूबे 13 वर्षीय किशोर तेजस्वी चौहान का शव शुक्रवार को मिला। एसडीआरएफ टीम ने लगातार खोजबीन के बाद मोथहां गांव के पास से शव बरामद किया। किशोर गुरुवार दोपहर को नदी में नहाते समय डूब गया था।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!महलपर गांव निवासी अखिलेश उर्फ बबलू चौहान का पुत्र तेजस्वी चौहान (13) गुरुवार दोपहर अपने दो दोस्तों के साथ गोमती नदी में नहाने गया था। तीनों काफी देर तक नदी में रहे। तेजस्वी के दोनों दोस्त नहाकर बाहर आ गए और उसे भी घर चलने को कहा, लेकिन तेजस्वी वहीं नहाता रहा।
शाम तक जब तेजस्वी घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में उन्हें पता चला कि वह दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। नदी किनारे तेजस्वी के कपड़े मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ल, एसआई रामप्रताप और अली अहमद मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने पहले स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन कराई, लेकिन सफलता नहीं मिली। देर शाम को एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। शुक्रवार को कई घंटों के अथक प्रयास के बाद तेजस्वी का शव मोथहां गांव के पास गोमती नदी से बरामद किया गया।
अपने बेटे का शव देखकर मां पूनम बेहोश हो गईं, जबकि भाई इशांत रोने लगा। पिता अखिलेश चौहान शव को एकटक निहारते रहे। गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

