रिपोर्ट: सत्य प्रकाश शुक्ला, जिला ब्यूरो चीफ, सीतापुर
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!अटरिया/सीतापुर, 15 जुलाई। थाना अटरिया पुलिस ने डेढ़ माह पूर्व हुई लूट की वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, लूट के माल की बिक्री से प्राप्त ₹7,200 नकद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह सफलता मिली। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी सिधौली विशाल गुप्ता के पर्यवेक्षण में थाना अटरिया पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान क्षितिज मिश्रा पुत्र पंकज मिश्रा निवासी विजय लक्ष्मीनगर, थाना कोतवाली नगर, सीतापुर तथा पवन कश्यप पुत्र स्वर्गीय हीराराम निवासी ग्राम गौरी, थाना बाँसी, जनपद सिद्धार्थनगर (हाल पता– 27वीं वाहिनी पीएसी, सीतापुर) के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष लालबहादुर मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 15 जुलाई को नहर पुलिया भटखेरवा के पास दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि 28 अप्रैल 2026 की रात अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर मनवा तिराहे से आगे गढ़ी गांव के पास एक मोटरसाइकिल सवार दंपत्ति से सोने की चेन और मंगलसूत्र लूट लिया था।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके हिस्से में आया मंगलसूत्र उन्होंने औने-पौने दाम में एक राहगीर को बेच दिया था। बरामद ₹7,200 उसी बिक्री से बची हुई रकम है। वहीं लूटी गई सोने की चेन उनके तीसरे साथी के पास थी, जिसे पुलिस पहले ही लखनऊ से गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे।
पुलिस ने क्षितिज मिश्रा के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा एवं एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। घटना में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल (UP32 JE 2443) को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।
इस मामले में पूर्व से दर्ज मुकदमा संख्या 94/2026 की विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए तीनों आरोपियों के नाम प्रकाश में लाए गए हैं। अवैध हथियार बरामद होने पर अभियुक्त क्षितिज मिश्रा के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार क्षितिज मिश्रा के विरुद्ध लूट, चोरी एवं आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं, जिससे वह शातिर अपराधी माना जाता है।
इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष लालबहादुर मिश्रा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद यादव, उपनिरीक्षक राधेश्याम यादव, आरक्षी हरिकेश, सोनू गिरी, सौरभ यादव, विकुल कुमार तथा चालक आरक्षी शेखर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

