शमशाद आलम ब्यूरो
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बस्ती जनपद! रुधौली विधानसभा क्षेत्र के बसडीला मानिकचंद स्थित सिंह मैरेज हाल में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन निवर्तमान विधायक संजय प्रताप जायसवाल द्वारा किया गया, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में आम नागरिकों की सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कप्तानगंज के सीए सी.पी. शुक्ला रहे। उन्होंने अपने संबोधन में बाबा साहब के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर ने भारतीय समाज को समानता, न्याय और अधिकारों का जो संदेश दिया, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि हमें उनके विचारों को आत्मसात करते हुए समाज में शिक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संयोजक संजय प्रताप जायसवाल ने कहा कि बाबा साहब का सपना एक समतामूलक समाज का निर्माण करना था, जहां हर व्यक्ति को समान अवसर मिले। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य सिर्फ श्रद्धांजलि देना नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे संविधान के मूल्यों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध रहें।

