निष्पक्ष पत्रकार समाचार/मोहम्मद फैसल सिद्दीकी/फतेहपुर बाराबंकी।हापुड़ में लेखपाल की मृत्यु के विरोध में फतेहपुर में लेखपाल संघ का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा/फतेहपुर बाराबंकी हापुड़ में लेखपाल सुभाष मीणा की कथित उत्पीड़न के चलते हुई दुखद मृत्यु के विरोध में फतेहपुर लेखपाल संघ ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। संघ के अध्यक्ष सुशील कुमार के नेतृत्व में तहसील परिसर में धरना देकर मुख्यमंत्री को संबोधित चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन तहसीलदार वैशाली अहलावत को सौंपा। संघ ने ज्ञापन में मांग की कि मृतक के आश्रितों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए और परिवार के योग्य सदस्य को योग्यता के अनुसार सरकारी नौकरी दी जाए। इसके साथ ही इस मामले की जांच रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। कर्मचारियों के साथ मानवीय व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए सभी अधिकारियों को स्पष्ट आदेश जारी किए जाएं। साथ ही मुख्य सचिव द्वारा पूर्व में निर्गत आदेशों के क्रम में प्रत्येक माह कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान हेतु अधिकारियों को नियमित बैठकें करने के निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाए। लेखपाल संघ ने कहा कि हापुड़ जनपद में जिलाधिकारी के अधीन कार्यरत अधिकारियों द्वारा अपमानजनक, दमनात्मक और बिना उचित जांच के की गई उत्पीड़नात्मक कार्रवाई से आहत होकर लेखपाल सुभाष मीणा की मौत हुई। यह घटना पूरे प्रदेश के लेखपालों के लिए अत्यंत पीड़ादायक और चिंताजनक है। धरना प्रदर्शन के दौरान लेखपालों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे प्रदेश में आंदोलन और तेज किया जाएगा।
रिपोर्टर=-मोहम्मद फैसल सिद्दीकी बाराबंकी
