निष्पक्ष पत्रकार समाचार/मोहम्मद फैसल सिद्दीको/फतेहपुर बाराबंकी। फतेहपुर में निकाली गई वाल्मीकि शोभायात्राः आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोहा सैकड़ो की उमड़ी भीड़/फतेहपुर में मंगलवार को भगवान वाल्मीकि जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर कस्बे के मोहल्ला ब्राह्मणी टोला स्थित प्राचीन वाल्मीकि मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में नगरवासियों ने भाग लिया। शोभायात्रा में भगवान गणेश,राम,हनुमान,शंकर, माता पार्वती और भगवान वाल्मीकि सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां शामिल थीं। इन झांकियों को फूलों और झालरों से सजाया गया था। सुंदर रथों पर देवी-देवताओं के वेश में सजे युवक-युवतियों ने भगवान के जीवन चरित्र को प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। शोभायात्रा के पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं ने जगह-जगह फूल वर्षा कर झांकियों का स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत की धुन पर लोग उत्साहपूर्वक झूमते हुए चल रहे थे। सड़कों के दोनों ओर स्थानीय नागरिकों और बच्चों की भारी भीड़ मौजूद थी। जो अपने मोबाइल फोन से झांकियों की तस्वीरें और वीडियो बना रहे थे। इस जुलूस में कई सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। पुलिस प्रशासन और नगर पंचायत की टीम ने शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा। जुलूस पूरे मार्ग पर शांतिपूर्ण ढंग से निकला और अंत में वाल्मीकिमंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का वातावरण निर्मित किया।
श्रद्धालुओं ने भगवान वाल्मीकि की जयकारों के साथ एकता और सद्भाव का संदेश दिया। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने सभी उपस्थित श्रद्धालुओं का स्वागत किया और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। पुलिस प्रशाशन की देख रेख मे निकाली गई शोभा यात्रा।
रिपोटर मोहम्मद फैसल सिद्दीकी बाराबंकी
