निष्पक्ष पत्रकार समाचार/मोहम्मद फैसल सिद्दीकी फतेहपुर बाराबंकी। फतेहपुर के शिवराजपुर मझगवां में ग्रामीण आजीविका मिशन की महिलाएं बायो फ्लॉक टैंक में मछली पालन कर अच्छी आमदनी कमा रही हैं। सोमवार को मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने गांव का दौरा किया। उन्होंने टैंक का निरीक्षण कर महिलाओं से मछली पालन के बारे में जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि गांव में तीन टैंक लगाए गए हैं। प्रति टैंक की लागत 40 हजार रुपए है। एक साल में एक लाख रुपए का मुनाफा हो रहा है। मुख्य सचिव द्वारा अधिकारियों को और महिलाओं को इस योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। पोखर उत्पादक समूह की अध्यक्ष गीता सिंह ने मछली पालन की विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर मछली खरीदने वाली एजेंसी के साथ एग्रीमेंट किया गया। मुख्य सचिव ने गुड़िया, कुलविंदर,कुसुम,अंजू,सरोज समेत 20 महिलाओं को एग्रीमेंट पत्र सौंपा। मुख्य सचिव ने कहा कि यह मुख्यमंत्री के जीरो पॉवर्टी मिशन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस टेक्नोलॉजी से सिंघी मछली का पालन किया जा रहा है। यह मछली 250-300 रुपए प्रति किलो के भाव मे घर से ही कंपनी खरीद रही है । उन्होंने बताया कि हर घर के बाहर 4-2.5 मीटर का टैंक लगाकर परिवार की आमदनी 50 हजार रुपए तक बढ़ाई जा सकती है। कार्यक्रम में डीएम शशांक त्रिपाठी,एसपी दिनेश कुमार सिंह,सीडीओ अन्ना सुथन, एसडीएम कार्तिकेय सिंह, तहसीलदार वैशाली अहलावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।